मां महालक्ष्मी की कृपा बरसी सलखंड में CM विष्णुदेव साय ने टेका मत्था, गांव को दी दो बड़ी सौगातें – महतारी सदन और एनीकट की घोषणा..! - Bebaak Bayan

Breaking

Home Top Ad

Responsive Ads Here

Post Top Ad

Responsive Ads Here

Wednesday, November 26, 2025

मां महालक्ष्मी की कृपा बरसी सलखंड में CM विष्णुदेव साय ने टेका मत्था, गांव को दी दो बड़ी सौगातें – महतारी सदन और एनीकट की घोषणा..!

रिपोर्टर मयंक गुप्ता महासमुंद / 27 नवंबर 2025 छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बुधवार को महासमुंद जिले के बसना तहसील स्थित ग्राम सलखंड के दौरे पर पहुंचे। ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी और पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया। इस दौरान वे ग्रामवासियों द्वारा पिछले 25 वर्षों से निरंतर आयोजित होने वाले मां महालक्ष्मी पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए और विधि-विधान से माता के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की। पूजन के दौरान मुख्यमंत्री ने मां महालक्ष्मी से प्रदेशवासियों के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के लोगों के लिए सुख-समृद्धि, अच्छा स्वास्थ्य, शांति और समृद्धि की कामना की। पारंपरिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में उन्होंने पूरी श्रद्धा से हिस्सा लिया। पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं तथा स्थानीय विकास कार्यों की जानकारी ली। इस मौके पर मुख्यमंत्री की पत्नी कौशल्या साय, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, बसना विधायक संपत अग्रवाल, महिला आयोग सदस्य सरला कोसरिया, छत्तीसगढ़ राज्य बीज निगम अध्यक्ष चंद्रशेखर चंद्राकर, जिला स्काउट गाइड अध्यक्ष येतराम साहू, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, पुलिस अधीक्षक आशुतोष सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।

गांव के लिए दो बड़ी घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने सलखंड गांव में महतारी सदन बनाने की घोषणा की। गांव में सिंचाई के लिए एनीकट निर्माण हेतु जल संसाधन विभाग को तत्काल सर्वे कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

संविधान दिवस पर प्रदेशवासियों को दी बधाई

मुख्यमंत्री ने मौके पर ही 26 नवंबर यानी संविधान दिवस के अवसर पर पूरे प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान न केवल अधिकारों का दस्तावेज है, बल्कि कर्तव्यों की भी याद दिलाता है और देश को एकजुट, सशक्त व प्रगतिशील बनाने का मार्ग दिखाता है।

2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ बनाने का संकल्प

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत की ओर तेज गति से बढ़ रहा है और छत्तीसगढ़ भी इसमें अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने 2047 तक छत्तीसगढ़ को पूर्ण रूप से विकसित राज्य बनाने और मोदी की गारंटी को पूरा करने का संकल्प दोहराया। उन्हाेंने केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत छत्तीसगढ़ को 18 लाख घरों की स्वीकृति मिली है तथा महतारी वंदन योजना से 70 लाख से अधिक महिलाओं को सीधा आर्थिक लाभ पहुंचाया जा रहा है।

अगहन मास और 25 साल पुरानी परंपरा

मुख्यमंत्री ने अगहन मास को अन्न, धन और समृद्धि का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह महीना छत्तीसगढ़ की ग्रामीण संस्कृति में विशेष महत्व रखता है। सलखंड गांव में पिछले 25 वर्षों से महालक्ष्मी समिति और ग्रामवासियों द्वारा निरंतर आयोजित होने वाला यह पूजन और पांच दिवसीय मेला सामाजिक एकता, भाईचारा और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने आयोजन समिति और ग्रामीणों की इस अनूठी परंपरा की भूरि-भूरि प्रशंसा की। कार्यक्रम में पूर्व विधायक त्रिलोचन पटेल, हरिदास भारद्वाज, महालक्ष्मी समिति अध्यक्ष प्राण नाथ साहू, सरपंच अंजू साहू सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। यह आयोजन एक बार फिर छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक परंपरा और विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का जीता-जागता प्रमाण बना।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages